मन का हमसफर
चलते-चलते कुछ लोग मिले
कुछ साथ रहे कुछ बिछड़ गए
कुछ साथ रहे कुछ बिछड़ गए
जो रुका नहीं, परवाह नहीं
जो साथ चला, बस साथ वही
मैं चलता जाउंगा पर
किसी मोड़ पर रुक जाउं अगर
तुम देना मुझको छोड़ और
बढ़ जाना आगे क्योंकि
तुम्हारी मंज़िल दूर है, रास्ता लंबा
और रफ्तार पसंद हो तुम
मैं अब रुक-रुक कर चलता रहूंगा
बैठ जाउंगा किसी पीपल के नीचे घंटों
ये यात्रा मायने रखती है बहुत
अब मुझे अकेले चलना भाता भी है
पर थाम लूंगा हाथ किसी राहगीर का मैं
जिसे मेरी जरूरत हो, असहाय हो
जिसके लिए मेरा साथ, होगा महत्त्वपूर्ण
कुछ दूर ही सही पर चलूंगा मैं उसके साथ
चाहे मेरी चाल मुझे करनी पड़े धीमी
पर मेरी यात्रा वृत्तांत में होगा उसका उल्लेख
उनका भी जो साथ रहा, थोड़ा ही सही
हर किसी ने सिखाया चलना थोड़ा-थोड़ा
सबसे बांटे सुख-दुःख कुछ ही सही
नाम सबके याद रहे न रहे
छाप सबकी यथोचित लिखूंगा
छाप सबकी यथोचित लिखूंगा
तन की यात्रा से कहीं अधिक कठिन है
मन की यात्रा
न थकती है, न विश्राम लेती है जो
चलती रहती है समय पर्यंत
जरूरी है यह यात्रा भी
जो कराती है साक्षात्कार
अपने आयामों से
मैं भी अब थक-कर कहीं
होना चाहता हूं
मन का हमसफर
होना चाहता हूं
मन का हमसफर
-सूर्यकांत साहू 'सूर्य'
(25 August 2026)
(25 August 2026)

👏👏👏
ReplyDelete